लापता महिला की हत्या का खुलासा, कंकाल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

27 जुलाई से लापता महिला की हत्या कर शव को बोरा में बांधकर नाला में फेंका था


कोरबा, कोरबी-चोटिया। 27 जुलाई से लापता एक महिला का कंकाल लगभग 23 दिनों बाद लालपुर जंगल में ढेंगुरनाला से पुलिस ने बरामद किया है।

कोरबी चौकी प्रभारी एएसआई सुरेश कुमार जोगी ने बताया कि लापता महिला घटना दिनांक 27 जुलाई को सरकारी चावल और शक्कर लेने के लिए सोसायटी गई हुई थी, वहां सुबह करीब 11 बजे तक उसने सामान खरीद लिया और इसके बाद घर नहीं लौटी।

परिजन द्वारा गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराने के बाद गुम इंसान कायम कर पता-तलाश शुरू किया गया। इस बीच मुखबिरों के माध्यम से मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी को अवगत कराते हुए संदेही लालपुर निवासी उमेंद पिता श्रीराम बिंझिया को हिरासत में लेकर पूछताछ में उसने बताया कि महिला की हत्या उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कर दी है।

उसके सहयोगी संत राम पिता स्वयंबर को भी हिरासत में लिया गया। दोनों को लेकर घटनास्थल ढेंगुरनाला जाने पर  लापता महिला का कंकाल बरामद हुआ।

आरोपियों के हवाले से पुलिस ने बताया कि घटना दिनांक को महिला ने उमेंद को सोसायटी से उसे घर तक छोडऩे के लिए कहा था लेकिन मृतका का पूर्व प्रेमी होने से रास्ते में संबंध बनाया और अपने दो अन्य साथियों से भी संबंध बनाने के लिए मजबूर किया।

पीडि़ता ने जब थाना में रिपोर्ट लिखाने की बात कही तो गमछा से गला घोंटकर मार डाला और शव को बोरा में बांधकर नाला में फेंक दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर तीसरे की तलाश जारी रखी है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जप्त की गई है। प्रकरण में आरोपियों के विरुध्द भारतीय न्याय संहिता की धारा 70, 103(1), 238 व 3-5 के तहत जुर्म दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया एवं न्यायालय से रिमांड पर जेल दाखिल कराने की कार्यवाही की गई।