50 करोड़ की ठगी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम। कवर्धा पुलिस ने निवेश के नाम पर 10% मासिक लाभ और मूलधन वापसी का लालच देकर 50 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों धर्मेश धुर्वे (35), यतीन्द्र धुर्वे (29) और नारायण प्रसाद धुर्वे (56), सभी मठपारा, कवर्धा निवासी को 19 अगस्त 2025 को गिरफ्तार किया।

मामला 30 अक्टूबर 2024 को शिव सोनी की शिकायत के बाद उजागर हुआ, जिसमें DYPDHURWE BROTHERS CONSULTANTS PVT. LTD. / निवेश किंग कंपनी द्वारा धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।

पुलिस ने अपराध क्रमांक 672/2024, धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में कबीरधाम में 1.39 करोड़ और बिलासपुर सहित अन्य जिलों में कुल 50 करोड़ रुपये की ठगी का पता चला।

पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से महत्वपूर्ण दस्तावेज और ठगी की रकम से खरीदी गई संपत्तियों के सबूत जब्त किए, जिनमें बिलासपुर में 57 लाख और कवर्धा में 1.10 करोड़ की जमीन, साथ ही टाटा हैरियर और अर्टिगा जैसी लग्जरी गाड़ियाँ शामिल हैं।

एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा, “छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। निवेशकों को ठगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।” आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया शुरू की गई है।

इस कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी लालजी सिन्हा, थाना पांडातराई प्रभारी कमलाकांत शुक्ला, साइबर प्रभारी मनीष मिश्रा और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।