कोरबा। जिले के करतला ब्लॉक के सेन्द्रीपाली गांव में अवैध शराब के कारोबार ने सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न कर दिया है। गांव के अधिकांश घरों में महुए की कच्ची शराब बनाई जा रही है, और देशी-अंग्रेजी शराब की अवैध बिक्री भी जोरों पर है। इससे न केवल बड़े, बल्कि नाबालिग बच्चे भी नशे की चपेट में आ रहे हैं। इस गंभीर स्थिति के खिलाफ ग्रामीण महिलाओं ने एकजुट होकर कोरबा कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
ग्राम पंचायत सेन्द्रीपाली के अंतर्गत आने वाले नवाडीह, अमेराभांठा और बासिनपारा में बड़े पैमाने पर महुए की कच्ची शराब का उत्पादन और बिक्री हो रही है। इसके अलावा, देशी और अंग्रेजी शराब की अवैध बिक्री ने गांव में चोरी, मारपीट और अशांति का माहौल पैदा कर दिया है। सुकृता बाई ने बताया कि इस अवैध कारोबार के कारण गांव के नाबालिग लड़के नशे की लत में डूब रहे हैं, जो समाज के लिए चिंता का विषय बन गया है।
मीरा बाई पटेल ने बताया कि सेन्द्रीपाली में कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास, 100 सीटर कन्या छात्रावास और प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास संचालित हैं। स्कूल की छुट्टी के समय शराबियों का आना-जाना लगा रहता है, जो तेज रफ्तार वाहन चलाते हैं और गाली-गलौज करते हैं। इससे स्कूली छात्राएं और ग्रामीण महिलाएं असुरक्षित महसूस करती हैं। गांव के कई मोहल्ले शराबियों का अड्डा बन चुके हैं, जहां नशे में धुत लोग संदिग्ध रूप से सड़कों पर पड़े रहते हैं।
महिलाओं ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस मौके पर तो पहुंचती है, लेकिन पर्याप्त कार्रवाई नहीं करती। इससे शराब का अवैध कारोबार बेरोकटोक चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शराबियों की हरकतों से गांव का माहौल खराब हो रहा है, और प्रशासन की उदासीनता ने उनकी समस्याओं को और बढ़ा दिया है।
बड़ी संख्या में महिलाएं कोरबा कलेक्ट्रेट पहुंचीं और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गांव में शराब के अवैध उत्पादन और बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में शांति बहाल हो और बच्चों व महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस दिशा में त्वरित कदम नहीं उठाए, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगी। स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए नियमित छापेमारी और कड़ी निगरानी की जाए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















