सतरेंगा में कैंटीन के AC में दिखा अजीबोगरीब सांप, जितेंद्र सारथी की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

कोरबा । जिले के प्रसिद्ध सतरेंगा पर्यटन स्थल में उस समय हड़कंप मच गया, जब कैंटीन के एयर कंडीशनर (AC) में एक अजीबोगरीब सांप दिखाई दिया। खूबसूरत नजारों का लुत्फ उठाने आए पर्यटक जब रेस्टोरेंट में खाने के लिए बैठे थे, तभी कुछ लोगों की नजर AC में बैठे सांप पर पड़ी। सांप को देखते ही पर्यटक डर के मारे वहां से भाग खड़े हुए।

घटना की सूचना तुरंत वाइल्डलाइफ रेस्क्यु टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को दी गई। सूचना मिलते ही जितेंद्र ने अपनी टीम को तत्काल मौके पर भेजने का आश्वासन दिया। कुछ ही घंटों में रेस्क्यु टीम के सदस्य राकेश और राजू सतरेंगा पहुंचे और बड़ी सावधानी के साथ सांप को AC से सुरक्षित बाहर निकाला।

टीम ने बताया कि यह सांप ‘कॉमन कैट स्नेक’ (हिंदी में सामान्य बिल्ली सांप) था, जो गैर-जहरीला होता है। रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। इस सफल ऑपरेशन से पर्यटकों ने राहत की सांस ली और रेस्क्यु टीम का आभार व्यक्त किया।

जितेंद्र सारथी ने बताया कि अक्सर लोग सांपों को पहचान नहीं पाते और डर जाते हैं, जबकि अधिकांश सांप जहरीले नहीं होते। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखने पर उसे मारने के बजाय वाइल्डलाइफ रेस्क्यु टीम को सूचित करें, ताकि मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

वाइल्डलाइफ रेस्क्यु टीम कोरबा संपर्क: 8817534455, 7999622151