नवविवाहिता की जहर खाने से मौत, पुलिस जांच शुरू

कोरबा। बालको नगर पुलिस थाना क्षेत्र के खैरभवना गांव में 22वर्षीय नवविवाहिता ईश्वरी यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार को ईश्वरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां गुरुवार शाम उनकी मृत्यु हो गई।

ईश्वरी का विवाह तीन साल पहले खैरभवना निवासी बृजलाल यादव से हुआ था, जो पेशे से ड्राइवर हैं। बृजलाल ने बताया कि सोमवार को पत्नी की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि ईश्वरी के मुंह से झाग निकल रहा था। तत्काल उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बृजलाल को घटना के कारणों की जानकारी नहीं होने की बात कही।

मृतका के पिता, जो गढ़ कटरा गांव से कोरबा पहुंचे, ने बताया कि उन्हें दामाद से घटना की सूचना मिली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के परिजनों और संबंधित लोगों के बयान कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज किए गए हैं।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी प्रक्रिया डॉक्टरों के पैनल द्वारा की जाएगी। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई शुरू कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास तेज कर दिया है।