कोरबा के एक्सिस बैंक की पावर हाउस रोड शाखा में नगर पालिका निगम के खाते से 79 लाख रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक मिश्रा और उनके सहयोगी प्रियांशु शामिल हैं। दोनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने इस गड़बड़ी को पकड़ा, जिसके बाद नगर निगम में हड़कंप मच गया। जांच में पता चला कि वर्ष 2022-23 और 2023-24 में कैश मैनेजमेंट सर्विसेज (CMS) के माध्यम से निगम के खाते में जमा की गई राशि में बड़ा अंतर था। वर्ष 2022-23 में 49 लाख 52 हजार 840 रुपये और वर्ष 2023-24 में 29 लाख 47 हजार 939 रुपये, कुल मिलाकर 79 लाख 779 रुपये की राशि बैंक खाते में जमा नहीं हुई।
नगर निगम के सहायक लेखा अधिकारी प्रदीप कुमार सिकदार ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। निगम ने नवंबर 2024 में बैंक को पत्र लिखकर अंतर की राशि जमा करने की मांग की थी, लेकिन बैंक ने कोई कार्रवाई नहीं की। जांच में स्पष्ट हुआ कि बैंक के तत्कालीन प्रबंधन ने जानबूझकर या लापरवाही से इस राशि को निगम के खाते में जमा नहीं किया, जिसे गबन माना गया।
पुलिस ने मामले की गहन जांच के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया और विवेचना शुरू कर दी है। इस घटना ने बैंकिंग सिस्टम की पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन और निगम ने पुलिस से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677