कोरबा।वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने सिस्टम ऑफ राइस इनटेसिफिकेशन (एसआरआई) तकनीक के जरिए कोरबा के किसानों को समृद्धि की नई राह दिखाई है। इस तकनीक से वित्तीय वर्ष 2024-25 में 473 किसानों की आय में 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस वर्ष 546 एकड़ भूमि पर एसआरआई विधि से धान की खेती की गई, जिससे औसत उपज 10-12 क्विंटल प्रति एकड़ से बढ़कर 15-18 क्विंटल प्रति एकड़ हो गई। आगामी वर्ष में 546 और किसानों को इस तकनीक से जोड़ने का लक्ष्य है।
एसआरआई तकनीक ने बीज, पानी और रसायनों की खपत कम कर लागत में बचत की है, जिससे किसानों को अधिक मुनाफा हुआ। सोनपुरी की राजिलाबाई कंवर ने बताया कि इस विधि से उनकी उपज 15-18 क्विंटल तक पहुंची और बच्चों की पढ़ाई का खर्च आसानी से निकलने लगा। रोगबहरी के अर्जुन कुमार ने भी 90 डिसमिल में 16 क्विंटल उपज हासिल कर आत्मविश्वास और आर्थिक मजबूती पाई।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि एसआरआई तकनीक टिकाऊ कृषि और ग्रामीण विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। कंपनी ने वेदांत एग्रीकल्चर रिसोर्स सेंटर (वीएआरसी) स्थापित किया है, जो कृषक उत्पादक संघ द्वारा संचालित है। यह केंद्र मृदा परीक्षण, मल्टीलेयर फार्मिंग, हाइड्रोपोनिक्स, बायो फ्लोक मत्स्य पालन और विदेशी सब्जियों की खेती जैसे नवाचारों के माध्यम से किसानों को प्रशिक्षित कर रहा है।
बालको की यह पहल न केवल धान की उत्पादकता बढ़ा रही है, बल्कि स्थानीय किसानों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का मजबूत आधार तैयार कर रही है। कृषि विभाग भी इस तकनीक को और अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677