कोरबा। जिले के बांगो पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रैक्टर चालकों को धमका-चमका कर उगाही करने वाले 3 युवकों को पुलिस ने पकड़ा है। ट्रैक्टर चालकों की शिकायत और प्रमाण के तौर पर एक वीडियो के आधार पर कार्यवाही की गई। आरोपी युवक अंबिकापुर के बताए गए है। उनके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार तीन युवक शराब के नशे में एक क्रेटा कार से पोड़ी उपरोड़ा पहुंचे। वहां मौजूद ट्रैक्टर चालकों को रोककर खुद को पुलिसकर्मी बताया और वाहन से संबंधित दस्तावेज व ड्राइवर का लाइसेंस मांगा। इसके बाद चालकों को डराते हुए 25 हजार रुपये का फर्जी चालान थमाने और ट्रैक्टर ज़ब्त करने की धमकी दी गई।
पीडि़त ट्रैक्टर चालक जीतेंद्र साहू और ट्रैक्टर मालिक लोकेश साहू ने बताया कि काफी देर तक बहस के बाद युवकों ने मामला 1,000 रुपये में निपटाने की बात कही। इसके बाद चालक ने 600 रुपये ऑनलाइन और 400 रुपये नगद दिए।
पैसे लेते ही तीनों युवक अंबिकापुर की ओर फरार हो गए।
चालक ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया है, जो अब पुलिस जांच का हिस्सा बन गया है। बांगो पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस से इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बना हुआ है खौफ
ग्रामीण क्षेत्रों में आम लोगों के साथ-साथ सामान्य कामकाज करने वाले लोगों में स्वाभाविक रूप से पुलिस का खौफ बना हुआ है। कई मामलों में लोग पुलिस के नाम से ही डर जाया करते है। हालांकि समय के साथ लोग जागरूक हुए है।
डिजिटल क्रांति के दौर में लोगों की समझ बढ़ी है और वे सतर्कता का परिचय देने के साथ कुछ मामलों में अपराधिक तत्वों को सही जगह भेजने का काम भी कर रहे है।
बांगो क्षेत्र के मामले में ट्रैक्टर चालक ने अवैध उगाही में लिप्त लोगों की कार्यशैली और उनके स्तर को कुछ ही देर में परख लिया। कहा जा रहा है कि युवकों की सतर्कता से दूसरे क्षेत्रों में ऐसे बोगस लोगों के खिलाफ माहौल बनने में सहायता मिलेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

