गोकुलनगर गोठान का जीर्णोद्धार और बायो गैस संयंत्र चालू करने की पहल, आयुक्त ने दिए निर्देश

कोरबा, 29 जुलाई। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा संचालित गोकुलनगर गोठान को जल्द ही पूरी तरह व्यवस्थित किया जाएगा। इसके साथ ही परिसर में स्थापित बायो गैस संयंत्र को भी चालू करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने मंगलवार सुबह गोठान का निरीक्षण कर अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।

आयुक्त ने गोठान में मवेशियों के लिए अतिरिक्त शेड निर्माण, बाउंड्रीवाल की मरम्मत, और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का आदेश दिया। गोठान में वर्तमान में 100 से अधिक मवेशी रखे गए हैं, जिन्हें शहर की सड़कों से एकत्र किया गया है। इसके अलावा, बायो गैस संयंत्र को शीघ्र चालू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

आर.पी.नगर में समस्याओं का त्वरित समाधान
आयुक्त ने वार्ड क्र. 31 राजेन्द्र प्रसाद नगर का भ्रमण कर जलभराव, नाले की सफाई, सड़क निर्माण, और अवैध कब्जे की समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने शिवाजीनगर से पोड़ीबहार मार्ग पर पक्की सड़क निर्माण, कबीर आश्रम के पास शासकीय भूमि की सुरक्षा, और सुभाष चौक से आर.पी.नगर फेस-2 रोड डिवाइडर की सफाई के आदेश दिए। साथ ही, ओपन जिम और बच्चों के खेल उपकरणों को जाली से सुरक्षित करने तथा अतिरिक्त कमरा निर्माण के निर्देश भी जारी किए।

कटहल गार्डन की सफाई और संधारण
निहारिका क्षेत्र में कटहल गार्डन का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने घास, झाड़ियों की सफाई और उद्यान के सुव्यवस्थित संचालन के निर्देश दिए। ओपन जिम और अन्य मनोरंजक उपकरणों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा।

साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट्स पर सख्ती
आयुक्त ने रिसदी रोड, कोसाबाड़ी, सुभाष चौक, निहारिका, आर.पी.नगर, और गोकुलनगर जैसे क्षेत्रों में साफ-सफाई का सघन निरीक्षण किया। दिन में स्ट्रीट लाइट्स जलने पर नाराजगी जताते हुए समय पर बंद करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा, पार्षद अशोक चावलानी, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।