स्थानान्तरण के बाद जॉइनिंग नहीं करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध करें कार्यवाही:कलेक्टर     

अटल मॉनिटरिंग डैशबोर्ड अंतर्गत केपीआई में सभी विभागों को प्रगति लाने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

कोरबा।कलेक्टर अजीत वसंत ने आज समय सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने राज्य शासन की फ्लैगशिप योजनाओं के अंतर्गत अटल मॉनिटरिंग डैशबोर्ड में शामिल योजनाओं की प्रगति की क्रमवार समीक्षा की।

कम रैंकिंग वाले विभागों जैसे राजस्व, उद्योग, स्वास्थ्य, खाद्य, जिला पंचायत, और श्रम विभाग को योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।कलेक्टर ने अटल मॉनिटरिंग डैशबोर्ड के केपीआई में सुधार, ई-डिस्ट्रिक्ट आवेदनों को समय पर निपटाने, और अनावश्यक निरस्तीकरण रोकने की हिदायत दी।

उन्होंने व्यवन्दन कार्ड के लिए छूटे हुए लोगों का आधार कार्ड बनाने, शिविर लगाने, और डोर-टू-डोर आधार अपडेशन के निर्देश दिए। पेंशन योजनाओं में हितग्राहियों को आधार सीडिंग और डीबीटी के माध्यम से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया।श्रम विभाग को श्रमिकों और उनके परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और पंजीयन के लिए शिविर आयोजित करने के निर्देश मिले।

स्वास्थ्य विभाग को महत्वपूर्ण इंडिकेटर्स में सुधार और जिला पंचायत को स्वच्छता सहित अन्य क्षेत्रों में प्रगति लाने के लिए कहा गया।

कलेक्टर ने ग्राम करमन्दी में वन अधिकार पट्टा वितरण से संबंधित फर्जी पट्टों की शिकायत पर जांच के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए। शासकीय जमीन से संबंधित शिकायतों की त्वरित जांच और विभिन्न शासकीय भवनों के निर्माण में स्थल विवाद के समाधान के लिए एसडीएम और तहसीलदारों को समन्वय करने को कहा।

उन्होंने स्कूलों, आंगनबाड़ियों, और छात्रावासों में गैस सिलेंडर से भोजन बनाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने और सभी विभागों को ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य करने के निर्देश दिए। स्थानांतरण के बाद जॉइनिंग नहीं करने वाले कर्मचारियों को नोटिस जारी कर विभागीय कार्रवाई के आदेश भी दिए गए।

बैठक में निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी, मनोज कुमार बंजारे सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।