हाई स्कूल में हथिनी और बछड़े का उत्पात, रायगढ़ में तीन लोगों की जान ले चुकी हथिनी ने मचाया आतंक

जशपुर। जिले के पत्थलगांव ब्लॉक के लुडेग क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक हथिनी और उसके बछड़े ने हाई स्कूल कैंपस में घुसकर अफरा-तफरी मचा दी। यह वही हथिनी है, जिसने हाल ही में रायगढ़ जिले के लैलूंगा में तीन लोगों की जान ली थी। इस घटना से सिहायसी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।

स्कूल कैंपस में हथिनी का हमला

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 3 बजे पास के जंगल से भटकते हुए हथिनी और उसका बछड़ा लुडेग हाई स्कूल कैंपस में घुस गया। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल की छुट्टी कर दी गई और हॉस्टल में रहने वाले बच्चों को बाहर न निकलने की सख्त हिदायत दी गई। हथिनी ने कैंपस में खड़ी एक बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

वन विभाग की कार्रवाई और हथिनी का आक्रमक रुख

रेंजर कृपा सिंधु पैंकरा ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हथिनी व उसके बछड़े को सुरक्षित दूरी पर खदेड़ने का प्रयास किया। इस दौरान, हथिनी देखने के लिए जमा हुई भीड़ को हटाने के लिए माइक से चेतावनी दी जा रही थी, लेकिन तेज आवाज से भड़ककर हथिनी ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। टीम ने वाहनों में बैठकर अपनी जान बचाई।

रायगढ़ में ले चुकी है तीन लोगों की जान

रेंजर पैंकरा ने बताया कि यह हथिनी रायगढ़ जिले के लैलूंगा वन क्षेत्र में पहले ही तीन लोगों की जान ले चुकी है, जिसमें एक तीन वर्षीय बच्चा भी शामिल है। हथिनी के आक्रमक व्यवहार को देखते हुए वन विभाग विशेष सावधानी बरत रहा है और इसे जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास कर रहा है।

क्षेत्र में दहशत, वन विभाग अलर्ट

हथिनी के स्कूल कैंपस में घुसने और उसके आक्रमक रुख ने स्थानीय लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। जशपुर और रायगढ़ जैसे जिलों में मानव-हाथी संघर्ष पिछले कुछ वर्षों से एक बड़ी समस्या बना हुआ है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के आसपास न जाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीमें तैनात हैं।