कोरबा जिले में लोक पर्व हरेली हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर किसानों ने हल और कृषि औजारों की पूजा-अर्चना की, वहीं गांव-गांव में नारियल जीत-हार का खेल और गेंड़ी के उत्साह ने पर्व को और रंगीन बना दिया। पर्व के चलते खेती-बाड़ी का काम पूरी तरह बंद रहा।
सुबह से ही ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। किसानों ने हल, पावड़ा, टांगी, ट्रैक्टर, केज व्हील जैसे कृषि औजारों को तालाब में धोकर आंगन में चौक बनाकर उनकी पूजा की। इस दौरान चीला, बोबरा और नारियल का भोग लगाया गया। नारियल फेंकने की स्पर्धा में लोगों ने जमकर हिस्सा लिया, जिससे नारियल की बिक्री में भी इजाफा हुआ। बच्चों और युवाओं ने गेंड़ी खेल का खूब आनंद लिया।
शहरी क्षेत्रों में भी हरेली की रौनक रही। जिनके पास कृषि औजार नहीं थे, उन्होंने देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर परंपरा निभाई। सड़कों पर नारियल जीत-हार का खेल खेलने वाली टोलियां दिखीं। पर्व की तैयारियां एक दिन पहले शाम से ही शुरू हो गई थीं, और बच्चों, युवाओं व बुजुर्गों में उत्साह चरम पर था।
हरेली पर्व ने कोरबा में सांस्कृतिक और धार्मिक उत्साह का माहौल बनाया, जो ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में समान रूप से देखा गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677