रायपुर। रायपुर पुलिस ने मोबाइल चोरी और ऑनलाइन ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर झारखंड और पश्चिम बंगाल के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 10 चोरी के मोबाइल फोन, 1 लाख रुपये नकद और 10 एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं।
गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के पहाड़ी चौक सब्जी बाजार में मुन्नालाल पटेल का मोबाइल चोरी हुआ, जिसके बाद उनके खाते से फोन-पे के जरिए 99,000 रुपये निकाल लिए गए।
जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह तीन समूहों में काम करता था: पहला समूह भीड़भाड़ वाले बाजारों में मोबाइल चुराता, दूसरा समूह चोरी के फोन से बैंक खातों से पैसे निकालकर पश्चिम बंगाल भेजता, और तीसरा समूह एटीएम से रकम निकालकर झारखंड भेजता और कमीशन बांटता।
यह गिरोह बिहार, झारखंड, एमपी, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, यूपी, दिल्ली और उत्तराखंड में सक्रिय था, और इसके जरिए करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन का पता चला।
गुढ़ियारी थाना और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने सीसीटीवी, बैंक डेटा और मोबाइल डेटा की जांच के बाद विकास महतो, यासीन कुरैशी, शेख सुलेमान उर्फ राजन, अंकित शर्मा, सोनू मंडल और पिंटू मोहले को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है, और संगठित अपराध के आधार पर अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गई हैं।
जांच में निरीक्षक बीएल चंद्राकर,साइबर यूनिट प्रभारी परेश पांडेय,उपनिरीक्षक मुकेश सोरी सहित कई अधिकारियों की भूमिका अहम रही। पुलिस ने अन्य राज्यों की पुलिस को सूचित कर फरार सदस्यों की तलाश तेज कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















