तबीयत ठीक करने का झांसा देकर अनाचार, फर्जी पास्टर गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा।अकलतरा थाना क्षेत्र में तबीयत ठीक करने का झांसा देकर एक महिला के साथ अनाचार करने वाले फर्जी पास्टर अशोक श्रीवास को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की बार-बार तबीयत खराब होने की शिकायत थी। इस दौरान ग्राम बुडगहन, वार्ड नंबर छह, थाना बलौदा, वर्तमान पता खिसोरा, थाना अकलतरा निवासी अशोक श्रीवास ने पीड़िता को तबीयत ठीक करने का लालच देकर अपने घर बुलाया और वहां उसके साथ जबरदस्ती अनाचार किया। पीड़िता की शिकायत पर अकलतरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376, 506, और 323 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस को सूचना मिली कि अशोक श्रीवास अकलतरा स्टेशन पर है और भागने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि वह खिसोरा में पास्टर बनकर प्रार्थना सभा आयोजित करता था। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बताया कि अशोक श्रीवास पहले भी 2024 में मतांतरण के मामले में जेल जा चुका है। उसका फर्जी पास्टर के रूप में प्रार्थना सभा आयोजित करने का इतिहास रहा है।