पत्नी और प्रेमी ने मिलकर की पति की हत्या, डिजिटल साक्ष्यों ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

धमतरी जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसमें एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। डिजिटल साक्ष्यों और पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

पुलिस के अनुसार, 30 जून को ग्राम मगेदा के जंगल में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर थाना माकड़ी ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव के पास मिली अस्पताल की पर्ची से मृतक की पहचान धर्मवीर के रूप में हुई। जांच में पता चला कि धर्मवीर की पत्नी रवीना नागरची का विजय विदेश मरकाम नामक व्यक्ति के साथ अवैध संबंध था।

मोबाइल टावर डेटा और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने विजय विदेश मरकाम को कोण्डागांव बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध कबूल कर लिया।

उन्होंने बताया कि 27 जून को विजय ने धर्मवीर को इलाज के बहाने तमिलनाडु के धरमपुरी अस्पताल से निकाला। रास्ते में शराब पिलाकर उसे ओडिशा के रायघर होते हुए मगेदा के जंगल में ले गए, जहां क्रिकेट बैट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। शव की पहचान छिपाने के लिए पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई, लेकिन बारिश के कारण यह मंसूबा कामयाब नहीं हुआ।

आरोपियों की पहचान विजय विदेश मरकाम (30 वर्ष), निवासी ग्राम कंडेतरा, थाना कुदई, जिला नवरंगपुर, ओडिशा (हाल निवासी ग्राम कुकरेल, थाना केरेगांव, धमतरी) और रवीना नागरची (23 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल, एसडीओपी रूपेश कुमार, सायबर सेल और थाना माकड़ी की टीम ने इस मामले को सुलझाया।