आगरपानी के पास वाहन खाई में गिरा, तीन मजदूरों की मौत, छह गंभीर रूप से घायल

कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आगरपानी के पास आज सुबह करीब 6 बजे एक वाहन अनियंत्रित होकर 50 फीट गहरी खाई में गिर गया। यह वाहन शहडोल (मध्य प्रदेश) से पंडरिया की ओर आ रहा था। हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना स्थल पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण शवों और घायलों को निकालने में रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कुकदूर थाना पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को तत्काल कुकदूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें कवर्धा जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है।

यह वही क्षेत्र है जहां पिछले साल मई 2024 में एक पिकअप वाहन के खाई में गिरने से 19 लोगों की मौत हो गई थी। स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और घायलों के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।