कोरबा। शहर के बुधवारी क्षेत्र में एक आक्रामक गाय के हमले से 6 लोग घायल हो गए, जिनमें से एक व्यक्ति के सिर में 6 टांके लगाए गए। स्थिति बिगड़ने पर निगम और छत्तीसगढ़ वेलफेयर सोसायटी की एक टीम ने मवेशी को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
जानकारी के अनुसार, गाय ने हाल ही में एक बछिया को जन्म दिया था, जिसके बाद वह आक्रामक हो गई। इसके चलते नजदीक आने या क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों पर उसने हमला करना शुरू कर दिया। अब तक 6 लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो चुके हैं। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने निगम और छत्तीसगढ़ वेलफेयर सोसायटी को सूचित किया।
सोसायटी के सदस्यों अविनाश गुप्ता, निखिल यादव, सूरज सिंह, सुमित, अनिकेत, आयुष, जगदीश, जयेश, यशवंत, कुणाल और स्वैगी ने रस्सी व अन्य संसाधनों के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद गाय और बछिया को कब्जे में लेकर गौ सेवाधाम पहुंचाया गया।
निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने पहले कहा था कि सड़कों पर स्वच्छंद विचरण करने वाले मवेशियों के पालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, लावारिस मवेशियों या स्थिति बिगड़ने पर मवेशियों को लावारिस बताए जाने की समस्या चुनौती बनी हुई है। इस घटना ने शहर में मवेशियों के प्रबंधन और सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत को फिर से रेखांकित किया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677