कोरबा।: जिले के पर्यटन स्थल देवपहरी में सोमवार को पिकनिक मनाने गए दो युवकों और तीन युवतियों की जान उस समय खतरे में पड़ गई, जब चोरनई नदी में अचानक जलस्तर तेजी से बढ़ गया। पहाड़ों से पानी आने के कारण नदी पूरे उफान पर थी, जिससे पांच लोग बीच नदी में फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
तेज धार और लगातार बढ़ते जलप्रवाह ने बचाव कार्य में कई मुश्किलें खड़ी कीं। इसके बावजूद, ग्रामीणों बिरिच राम, मसत राम, कृष्णा दास, विजय सारथी और अन्य के सहयोग से रस्सों के जरिए सभी पांचों लोगों को देर रात करीब डेढ़ बजे तक सुरक्षित निकाल लिया गया। इस साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन ने सभी को राहत की सांस दी।
प्रशासन की चेतावनी की अनदेखी
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि लोग प्रशासन की बार-बार दी जा रही चेतावनियों को क्यों नजरअंदाज कर रहे हैं? प्रशासन ने जोखिम भरे पर्यटन स्थलों पर जाने से मना किया है, लेकिन कई लोग इन आदेशों को अनदेखा कर अपनी और दूसरों की जान को खतरे में डाल रहे हैं।
पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को और सख्त कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















