कोरबा। बालको थाना क्षेत्र में नवस्थापित शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के दो अपचारी बालक बाथरूम की खिड़की का रोशनदान तोड़कर फरार हो गए। घटना सुबह करीब 4 बजे की है, जब दोनों किशोर बाथरूम जाने के बहाने अपने कमरे से निकले और वहां से भाग निकले।
जानकारी के अनुसार, एक 16 वर्षीय किशोर को चोरी/छिनतई के मामले में 19 जून 2025 को और 17 वर्षीय दूसरे किशोर को छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट के मामले में 16 जून 2025 को किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर यहां निरुद्ध किया गया था। दोनों किशोर जांजगीर-चांपा जिले और कोरबी पुलिस चौकी क्षेत्र के निवासी हैं।
जांजगीर का किशोर इससे पहले भी रिसदी संप्रेक्षण गृह से भाग चुका है और वह 5-6 बार यहां निरुद्ध हो चुका है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित यह बाल संप्रेक्षण गृह हाल ही में रिसदी के किराए के मकान से बालको थाना के सामने नए भवन में स्थानांतरित किया गया था। बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष के निरीक्षण के बाद अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए 25 लाख रुपये खर्च कर इसे शुक्रवार को शिफ्ट किया गया।
हालांकि, नए भवन में स्थानांतरण के कुछ ही दिनों बाद यह पहली फरारी की घटना है।
घटना की सूचना मिलते ही संप्रेक्षण गृह के प्रभारी अधिकारी ने बालको थाना, जांजगीर-चांपा किशोर न्याय बोर्ड और पुलिस को सूचित किया।
दोनों अपचारी बालकों की तलाश के लिए पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677