बारिश में बिजली से हादसों का खतरा, विभाग ने जारी की सावधानी बरतने की एडवाइजरी

कोरबा में बारिश के मौसम में बिजली से करंट के खतरे को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने जनता के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। बारिश के दौरान बिजली के खंभों, तारों, और ट्रांसफॉर्मर से होने वाले हादसों में कई बार जानलेवा घटनाएं हो चुकी हैं, जिसका मुख्य कारण जानकारी का अभाव है।

विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिजली की लाइनों, ट्रांसफॉर्मर, या उपकरणों के साथ छेड़छाड़ न करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। आंधी-तूफान में टूटे तारों या खंभों की सूचना तुरंत टोल-फ्री नंबर 1912, मोर बिजली ऐप, या नजदीकी वितरण केंद्र पर दें। बारिश में बिजली के उपकरणों से दूर रहें और किसी भी क्षतिग्रस्त लाइन को न छुएं।

कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबस्ट ने बताया कि बारिश के पानी में बिजली के तारों या उपकरणों से करंट फैलने का खतरा रहता है। इसलिए पानी में चलने या तैरने से बचें। बिजली के उपकरणों का उपयोग करते समय सूखे पैर और रबर या प्लास्टिक के जूते पहनें।

बारिश में बिजली सुरक्षा के लिए विशेष सावधानियां:

गुणवत्तापूर्ण विद्युत उपकरणों का उपयोग करें।

खेतों की बाड़ या कंटीले तारों में बिजली प्रवाहित न करें।

बिजली लाइन या ट्रांसफॉर्मर की खराबी को स्वयं ठीक करने का प्रयास न करें।

विद्युत लाइनों के नीचे कोई निर्माण कार्य न करें।

टूटे हुए बिजली के तार के पास न जाएं और दूसरों को भी रोकें।

नदी, नाले, या तालाब में गिरे तारों से दूर रहें।

हुकिंग से बिजली का उपयोग न करें, यह अवैध और खतरनाक है।

बिजली के खंभों या स्टे तारों पर कपड़े न सुखाएं।

कटी-फटी सर्विस लाइन का उपयोग न करें।

विभाग ने लोगों से बरसात के मौसम में सतर्कता बरतने और इन सावधानियों का पालन कर सुरक्षित रहने की अपील की है।