पानी-बिजली की समस्या को लेकर शहीद वीर नारायण चौक पर चक्का जाम, प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त

कोरबा। कटघोरा में पानी और बिजली की गंभीर समस्या सहित अन्य मांगों को लेकर स्थानीय लोगों ने शहीद वीर नारायण चौक पर चक्का जाम कर दिया। इस प्रदर्शन में पूर्व उपाध्यक्ष पवन अग्रवाल, वर्तमान भाजपा पार्षदों सहित अन्य पार्षद भी शामिल हुए। आंदोलन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, हालांकि छोटे वाहनों जैसे बाइक को जाने की अनुमति दी गई, जबकि बड़े वाहनों को रोक दिया गया।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि कटघोरा क्षेत्र में कई दिनों से पानी और बिजली की समस्या चरम पर है। बिजली आपूर्ति में लगातार व्यवधान और पानी की अनियमित सप्लाई ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने यह चक्का जाम किया।

आंदोलन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। लगभग आधे घंटे तक चले इस चक्का जाम के बाद जिला प्रशासन ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और जाम समाप्त कर दिया गया।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और जल्द से जल्द समस्याओं के निदान का भरोसा दिलाया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो गई है, लेकिन लोगों का कहना है कि यदि समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।