छत्तीसगढ़ में अवैध बांग्लादेशी घुसपैठ रोकने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर पुलिस विभाग ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1905 जारी किया है। यह हेल्पलाइन 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन सक्रिय रहेगी।

नागरिकों के लिए सुरक्षित और गोपनीय सूचना तंत्र

इस हेल्पलाइन के माध्यम से कोई भी नागरिक अपने क्षेत्र में संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों या उनकी गतिविधियों की जानकारी पुलिस प्रशासन को दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना किसी डर के राष्ट्रहित में योगदान दे सकें।

सुरक्षा हमारी प्राथमिकता: उपमुख्यमंत्री

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, “देश की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार अवैध गतिविधियों और घुसपैठियों से राज्य को मुक्त रखने के लिए प्रतिबद्ध है। यह हेल्पलाइन नागरिकों को एक सुरक्षित और प्रभावी माध्यम प्रदान करती है, जिससे वे देशहित में अपनी भूमिका निभा सकें।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब तक ऐसी ताकतों को जड़ से नहीं उखाड़ा जाएगा, तब तक नागरिकों की सुरक्षा और शांति खतरे में रहेगी।

पुलिस को कड़े निर्देश

उपमुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए हैं कि हेल्पलाइन पर प्राप्त हर सूचना को गंभीरता से लिया जाए और त्वरित कार्रवाई की जाए। साथ ही, इस अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्राप्त सूचनाओं की सत्यता की गहन जांच की जाएगी, ताकि निर्दोष लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

नागरिकों से सहयोग की अपील

श्री विजय शर्मा ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले, तो वे तुरंत टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर संपर्क करें। उन्होंने कहा, “यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम छत्तीसगढ़ को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सशक्त बनाए रखें।”