प्रसूता अंजली की मौत पर हंगामा, न्याय के लिए घेरा नर्सिंग होम

लोगों का आरोप-डॉक्टर की लापरवाही से गई जिंदगी

कोरबा। रिस्दी रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम का घेराव करने के साथ लोगों ने प्रदर्शन किया और जिम्मेदार डॉक्टर को बर्खास्त करने की मांग की। लोग यहां 24 वर्षीय अंजली सिंह की प्रसव के दौरान मौत को लेकर नाराज दिखे। उन्होंने प्रशासन से न्याय देने को कहा। 

रिस्दी मार्ग स्थित श्वेता नर्सिंग होम में गोढ़ी गांव की निवासी अंजली के साथ यह घटना एक सप्ताह पहले हुई। बाद में उसकी मौत हो गई। काफी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने उग्र रूप दिखाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। महिला डॉक्टर मनियारो कुजूर को अस्पताल से हटाने और उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की जा रही थी।

अस्पताल के घेराव की सूचना मिलने पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी सदल बल मौके पर पहुंच गए। यहां अधिकारियों के सामने भी लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। आक्रोशित लोगों को काफी मशक्कत कर अधिकारियों ने शांत कराया। उन्हें आश्वस्त किया गया कि मामले की जांच कर दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई अवश्य की जाएगी।

गोढ़ी निवासी अंजली सिंह को 1 जून को श्वेता नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था यहां अंजलि ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। लेकिन अत्यधिक रक्त स्राव के कारण अंजली के प्राण नहीं बचाए जा सके। श्वेता नर्सिंग होम से अंजलि को न्यू कोरबा अस्पताल रेफर किया गया था जहां उसकी मौत हो गई थी।

इस घटना के बाद से ही अंजलि के परिजन और शुभचिंतक काफी आक्रोशित थे पहले उन्होंने शिकायत कर कार्रवाई की मांग की किंतु जब उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया गया तो वह सडक़ पर उतरने को बाध्य हुए।