कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में बीती रात डेढ़ दर्जन से अधिक युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। ऑफिसर कॉलोनी के पास भय का माहौल बनाते हुए राजस्व कर वसूली सुपरवाइजर निखिल साहा और उनके साथी अमन राजपूत पर जानलेवा हमला किया गया।
घटना 6 जून 2025 की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच हुई। निखिल साहा (19), निवासी LHC 13 कटाईनार, वार्ड-13, बांकीमोंगरा, जो नगर पालिका में राजस्व कर संग्रह सुपरवाइजर हैं, ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर की ओर जा रहे थे। तभी ऑफिसर कॉलोनी के पास चार युवकों ने दोपहिया वाहन से उनका रास्ता रोका और गाली-गलौच शुरू कर दी।
उनके पास बेसबॉल बैट, हॉकी स्टिक और धारदार चाकू थे। इसके बाद एक सफेद ब्रेजा कार और तीन अन्य बाइकों पर सवार होकर 15-20 अन्य युवक मौके पर पहुंचे और निखिल व उनके साथी पर हमला कर दिया। हमले में दोनों को गंभीर चोटें आईं।
निखिल ने पुलिस को बताया कि हमलावरों में नीरज राज, सूरज यादव (लालू), क्रिश, शिवम कुमार, अमलेश दीप, माधव राज, विभोर कर्ष, पियुष यादव, अंशु राज और अन्य शामिल थे, जो घटना के बाद फरार हो गए।
बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 126(2), 115(2), 296, 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र में इस घटना से दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677