पाली रेंज में भालू के हमले से दहशत, महिला घायल

कोरबा। कटघोरा वन मंडल अंतर्गत पाली रेंज के ग्राम पंचायत मुरली में भालू के आतंक से लोग दहशत में हैं। बीती रात ग्राम मुरली निवासी सावित्री बाई (33 वर्ष) पर भालू ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, सावित्री बाई अपने पति मनबोध कंवर के साथ घर के आंगन में सो रही थी। उनका मकान जंगल के किनारे स्थित है। रात करीब 2 बजे एक भालू आंगन में घुस आया और सावित्री पर हमला कर दिया।

महिला के शोर मचाने पर परिजनों ने दौड़कर भालू को जंगल की ओर खदेड़ा। घायल सावित्री को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

सूचना मिलने पर पाली रेंज के रेंजर संजय लकड़ा ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायल महिला का हाल जाना और परिजनों को तात्कालिक सहायता के रूप में एक हजार रुपये प्रदान किए। क्षेत्र में भालू के बढ़ते आतंक को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश और भय व्याप्त है।