नियमित शिक्षक होने से नहीं चल सकेगी बहानेबाजी
कोरबा। कोरबा ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत देवपहरी के आश्रित ग्राम बरपानी में पहाड़ी कोरवाओं के बच्चों को शिक्षा से जोडऩे शासन ने पहल की। यहां स्कूल को और व्यवस्थित करने के लिए प्रशासन ने 2 नियमित शिक्षक उपलब्ध करा दिए हैं जबकि पिछले सत्र में यहां अतिथि महिला शिक्षक के भरोसे कामकाज कराया गया। पिछली समस्याओं को दूर करने और बच्चों को शिक्षा की रौशनी से आलोकित करने नई पहल की गई।
आदिवासी बाहुल्य कोरबा जिले में शिक्षा को प्राथमिकता देने के साथ काम किया जा रहा है। बताया गया कि डीएमएफ से 2017 में नए भवन भी बनाएं। स्कूल में शिक्षा हेतु शिक्षक की व्यवस्था भी की गई थी। वनांचल क्षेत्र में स्कूल होने से यहाँ कोई नियमित शिक्षक नहीं था।
अतिशेष शिक्षकों के समायोजन के निर्देश जारी होने के बाद जब कोरबा जिले के प्राथमिक शालाओ के अतिशेष शिक्षकों की काउंसिलिंग की गई तो प्राथमिक शाला बरपानी को एक नियमित प्रधानपाठक और एक रेगुलर शिक्षक मिल गया है।
गाँव के संपत लाल कोरवा ने बताया कि स्कूल में 25 बच्चे हैं। विगत कई साल से रेगुलर शिक्षक नहीं होने से अध्यापन प्रभावित होता था। बीते शिक्षा सत्र में एक अतिथि महिला शिक्षक कक्षाएं लेती थी। अब खुशी की बात है कि हमारे गाँव के स्कूल को एक प्रधानपाठक और एक नियमित शिक्षक मिल गया है।
गाँव के झुनी बाई, शैम्पूरम कोरवा, बुधवारी बाई ने बताया कि हमारे गाँव के पास स्कूल खुलने के बाद गाँव के बच्चों को स्कूल भेजते हैं। स्कूल में शिक्षक नहीं होने से दूसरे स्कूल के शिक्षको को भेजा जाता है। ग्रामीणों ने कहा कि पहले शिक्षकों के पास बहाने होते थे अब न तो ऐसी मजबूरी होगी न विकल्प होगा।
अतिशेष शिक्षकों को भेजा खास स्कूलों में
कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले के उन विद्यालयों को चिन्हित कराया, जहाँ पर लम्बे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई थी। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्र के विद्यालयों, पहाड़ी कोरवाओं वाले विद्यालयों को भी लाभान्वित करने के उद्देश्य से अतिशेष शिक्षको की नियुक्ति में ऐसे विद्यालयों को प्राथमिकता में रखा।
जिले के दूरस्थ क्षेत्र वाले विद्यालय तीतरडाँड़,खमहूँन, नकिया,श्यांग, गोलहर, पेंड्रीडीह, कोरई, चिरईझुंझ,रफ्ता, खैरभवना, कदमझेरिया सहित अनेक विद्यालय है जहाँ बड़ी संख्या में पहाड़ी कोरवा बच्चे प्राथमिक शाला में अध्ययन करते हैं। इन स्कूलों में शिक्षको की कमी को दूर करने के लिए अतिशेष शिक्षको को नियुक्त किया गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
