झोराघाट पिकनिक स्पॉट पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, असामाजिक तत्वों पर लगाम

कोरबा जिले के प्रसिद्ध झोराघाट पिकनिक स्पॉट पर पिछले रविवार को भारी भीड़ के बीच हंगामा और असामाजिक गतिविधियों की खबरों के बाद जिला पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। जिला पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर कटघोरा पुलिस ने सोमवार को झोराघाट में निरीक्षण अभियान चलाया और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पिकनिक स्पॉट पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों, बिना नंबर प्लेट और तेज साइलेंसर वाली बाइकों के खिलाफ कार्रवाई की। लगभग 20 वाहनों को जब्त किया गया और कई शराबियों से अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

कुछ उपद्रवी बाइकर्स को सबक सिखाने के लिए पुलिस ने मौके पर उठक-बैठक भी कराई। इस कार्रवाई से झोराघाट का माहौल शांत हुआ और परिवारों व आम नागरिकों ने राहत की सांस ली।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार और रविवार को झोराघाट में भारी भीड़ उमड़ती है, जहां गर्मी से राहत पाने के लिए लोग परिवार और बच्चों के साथ पहुंचते हैं। लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों के कारण माहौल खराब हो रहा था।

पहले भी इस स्थल पर मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बताया जाता है कि प्रतिदिन लगभग 10,000 लोग इस पिकनिक स्पॉट पर पहुंचते हैं, लेकिन असामाजिक गतिविधियों के कारण अब भीड़ धीरे-धीरे कम हो रही है।

स्थानीय लोगों और परिवारों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि नियमित निगरानी से झोराघाट की गरिमा बनी रहेगी।

कोरबा पुलिस की यह कार्रवाई एक स्पष्ट संदेश देती है कि जनता के मनोरंजन स्थलों को असामाजिक गतिविधियों से मुक्त रखा जाएगा और किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।