बिलासपुर । सकरी क्षेत्र में एक हैरान करने वाला ठगी का मामला सामने आया है, जहां मैरिज ब्यूरो चलाने वाली चित्रा चौधरी ने अपने ही पति संजय चौधरी से एक युवती की शादी कराकर 6 लाख रुपये की ठगी की। शादी के 11 महीने बाद यह दंपती पीड़िता को छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर सकरी थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
शिवरीनारायण निवासी दमयंती अपनी शादी के लिए योग्य वर की तलाश में थी। जुलाई 2024 में उसने सकरी की चित्रा चौधरी के मैरिज ब्यूरो से संपर्क किया।
चित्रा ने दमयंती को कई युवकों की तस्वीरें दिखाईं, जिन्हें उसने रिजेक्ट कर दिया। इसके बाद चित्रा ने अपने पति संजय चौधरी की तस्वीर दिखाई, जिसे दमयंती ने पहले रिजेक्ट किया, लेकिन चित्रा की बातों में आकर वह शादी के लिए राजी हो गई।
शादी एक धार्मिक स्थल पर कराई गई, जिसके बाद संजय दमयंती को हरियाणा के हिसार ले गया। वहां 11 महीने साथ रहने के बाद दोनों बिलासपुर के विनोबा नगर में किराए के मकान में रहने लगे। इस दौरान दमयंती ने ब्यूटी पार्लर शुरू किया। संजय ने विभिन्न बहानों से दमयंती से 6 लाख रुपये ले लिए और फिर चित्रा के साथ फरार हो गया।
जांच में दमयंती को पता चला कि चित्रा और संजय की पहले से लव मैरिज थी और उनका एक बेटा भी है। धोखाधड़ी का शिकार होने के बाद दमयंती ने सकरी थाने में शिकायत दर्ज की। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677