नकटीखार में राजमिस्त्री की फांसी पर लटकती लाश मिली, शराब की लत से थी परेशानी

कोरब। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नकटीखार गांव में शुक्रवार देर शाम 40 वर्षीय फिरत राम मरकाम की फांसी के फंदे पर लटकती लाश मिली। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मृतक फिरत राम मरकाम मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के बुढ़ना गांव का निवासी था और अपनी पत्नी कीर्तन बाई मरकाम और बेटी के साथ कोरबा के नकटीखार में ससुराल में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार, फिरत राम राजमिस्त्री का काम करता था, जबकि उसकी पत्नी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थी। फिरत राम शराब का आदी था और हाल के दिनों में उसकी शराब की लत बढ़ गई थी।

पत्नी कीर्तन बाई ने बताया कि वह अत्यधिक शराब पीने लगा था और मना करने पर भी अपनी आदत नहीं छोड़ रहा था। इस कारण वह अपनी बेटी के साथ अलग कमरे में अपनी मां के पास रहने लगी थी। फिरत राम अक्सर शराब पीकर कमरे का दरवाजा बंद कर अकेले रहता था। पत्नी सुबह उसके लिए खाना बनाकर रख देती थी, जिसे वह खा लेता था।

शुक्रवार देर शाम, जब कीर्तन बाई काम से लौटी, तो उसने देखा कि फिरत राम का कमरा अंदर से बंद था। बार-बार आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया, जहां फिरत राम म्यार में फांसी के फंदे पर लटका मिला।

सिविल लाइन थाना के एसआई दुर्गेश राठौर ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

यह घटना नकटीखार गांव में चर्चा का विषय बन गई है, और पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए जांच में जुटी है।