कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 में छत्तीसगढ़ की जूही व्यास ने ग्लोबल वार्मिंग पर उठाई आवाज, अनोखी ड्रेस से दिया संदेश

कान्स।विश्व प्रसिद्ध कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 में छत्तीसगढ़ के दुर्ग की जूही व्यास ने पहली बार रेड कार्पेट पर कदम रखकर न केवल भारत का प्रतिनिधित्व किया, बल्कि ग्रीनपीस इंडिया के ‘वॉयस ऑफ द प्लैनेट’ अभियान के तहत ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु संकट पर शक्तिशाली संदेश दिया। ग्रीनपीस इंडिया की राष्ट्रीय निदेशक मोहिनी शर्मा के साथ मिलकर जूही ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया।

जूही की ड्रेस, जिसे वियतनाम के प्रसिद्ध डिजाइनर गुयेन टीएन ट्रियन ने डिजाइन किया, जलती हुई पृथ्वी का प्रतीक थी। इस ड्रेस को तैयार करने में दो महीने से अधिक समय लगा। आग जैसे लाल और काले रंगों से सजी यह ड्रेस तापमान वृद्धि, जलवायु असमानता और प्रदूषण के गंभीर परिणामों को दर्शाती थी। जूही ने कहा, “एक मां के रूप में, मैं अगली पीढ़ी के लिए पृथ्वी को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी महसूस करती हूं। यह ड्रेस उन लोगों की पीड़ा को दर्शाती है जो जलवायु संकट का सामना कर रहे हैं।”

दुर्ग के भिलाई की रहने वाली जूही व्यास दो बच्चों की मां हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में की थी और बाद में मेकअप आर्टिस्ट व मॉडल के रूप में अपनी पहचान बनाई। लगभग 12 साल पहले उन्होंने लेडीज सैलून एंड स्पा की शुरुआत की। जूही ने 2022 में मिसेज इंडिया इंक प्रतियोगिता में पहली रनर-अप का खिताब जीता। 2023 में कैलिफोर्निया में आयोजित मिसेज ग्लोब प्रतियोगिता में पीपल्स चॉइस अवार्ड जीतकर वे पहली भारतीय बनीं। 2024 में चीन में मिसेज ग्लोब की जूरी में शामिल होने वाली वे पहली भारतीय महिला थीं।

जूही की कान्स में उपस्थिति ने न केवल छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया, बल्कि फैशन और पर्यावरण सक्रियता के संगम को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया। ग्रीनपीस इंडिया के कार्यकारी निदेशक बिनु जैकब ने कहा, “जूही और मोहिनी का कान्स जैसे मंच पर जलवायु न्याय और पर्यावरण संरक्षण की बात उठाना प्रेरणादायक है।”

यह पहल न केवल जलवायु संकट के प्रति जागरूकता फैलाने में सफल रही, बल्कि यह भी दिखाया कि फैशन और सामाजिक जिम्मेदारी एक साथ विश्व स्तर पर प्रभाव डाल सकते हैं।