स्पार्किंग के साथ टैंकर में ब्लास्ट, वेल्डर गंभीर रूप से झुलसा

कोरबा। एक ट्रैलर वाहन के डीजल टैंक की वेल्डिंग के दौरान हुए हादसे में वेल्डर गंभीर रूप से झुलस गया। यहां हो रही स्पार्किंग से टैंक में बचे डीजल पर असर पड़ा और फिर ब्लास्ट हो गया।

इस घटना से आसपास में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से झुलसे वेल्डर की मदद आसपास के लोगों ने की और उसके बाद पीडि़त को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भिजवाया गया।

बुधवार को दोपहर कोरबा के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में यह घटना हुई। खबर के अनुसार यहां एक निजी कंपनी के परिसर में हादसा तब हुआ जब ट्रेलर वाहन के डीजल टैंक को हुए नुकसान वाले हिस्से में वेल्डिंग की जा रही थी। वर्कशॉप का कर्मी अपने काम में व्यस्त था।

बताया गया कि उसी समय यहां से हुई स्पार्किंग ने डीजल टैंक के लिक्विड हिस्से पर प्रभाव डाला और कुछ ही देर में वहां ब्लास्ट हो गया। घटना में वेल्डर के हाथ में गंभीर चोट आई है।

जानकारी के अनुसार उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सको ने उसे बाहर रेफर कर दिया। जानकारों का कहना है कि ब्लास्ट इतना तेज था कि अगर आसपास और लोग होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

जिला अस्पताल चौकी प्रभारी दाऊद कुजूर ने बताया कि घायल का बयान दर्ज किया गया है। हाथ में गंभीर चोट के कारण उनके दाएं पैर से अंगूठा निशान लिया गया है।

हादसे में वेल्डर की लापरवाही सामने आई है।

टैंक को वेल्डिंग से पहले डीजल से खाली नहीं किया गया था। यह मामला जन स्वास्थ्य और औद्योगिक सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है इसलिए इस बारे में भी संज्ञान लेने की बात कही जा रही है।