कोरबा। कोरबा वनमंडल के कोरकोमा सर्किल में आज सुबह तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए जंगल गए ग्रामीणों का लोनर हाथी से सामना हो गया, जिसके बाद भगदड़ मच गई। लोनर हाथी ने ग्रामीणों को देखकर उन्हें मारने के लिए दौड़ाया, जिससे जान बचाने के लिए भाग रहे तीन ग्रामीण गिरकर जख्मी हो गए। वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों का अस्पताल में उपचार कराया।
जानकारी के अनुसार, कोरबा वनमंडल के जंगलों में इन दिनों तीन लोनर हाथी विचरण कर रहे हैं। इनमें से एक लोनर कुदमुरा रेंज के गीतकुंआरी और दो पसरखेत के कछार क्षेत्र में कल शाम तक देखे गए थे। बताया जाता है कि कछार क्षेत्र का एक लोनर हाथी आज तड़के कोरबा रेंज के कोरकोमा जंगल के कक्ष क्रमांक 1004 में पहुंच गया था। इसकी जानकारी न तो वन विभाग को थी और न ही ग्रामीणों को।
कोरकोमा और केरवा के ग्रामीण सुबह करीब 7 बजे तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने काम शुरू किया, लोनर हाथी से उनका सामना हो गया। हाथी के दौड़ाने पर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान तीन ग्रामीण, जिनमें कोरकोमा और केरवा के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं, गिरकर चोटिल हो गए।
सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोनर हाथी की निगरानी शुरू की और घायल ग्रामीणों को अस्पताल पहुंचाकर उनका उपचार कराया। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल में हाथियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
