कोरबा। बुधवारी बाजार मेला ग्राउंड में चल रहा छत्तीसगढ़ी डिज्नीलैंड मेला जिलेवासियों के लिए मनोरंजन, खरीददारी और स्वाद का एक शानदार मंच बन गया है। 17 अप्रैल से शुरू हुआ यह मेला 45 दिनों तक चलेगा और रोजाना शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा। मेले में बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी आयु वर्ग के लोग टोरा-टोरा, आकाश झूला, ब्रेक डांस, डिस्को झूला, हवाई झूला, ड्रैगन ट्रेन, मिकी माउस, डोरेमॉन और वाटर बोट जैसे रोमांचक झूलों का आनंद ले रहे हैं।
मेले का मुख्य आकर्षण है विदेशी तर्ज पर तैयार ‘फिश टनल’, जो समुद्र के अंदर होने का आभास कराता है। इस टनल में विभिन्न देशों की मछलियां तैरती नजर आती हैं और जलपरियां जल क्रीड़ा करती दिखती हैं, जो बच्चों और बड़ों को समान रूप से लुभा रही हैं। मेला संचालक कुलदीप ने बताया कि फिश टनल और जलपरी मेले का केंद्र बिंदु हैं।


मेले में 100 से अधिक स्टॉल्स लगाए गए हैं, जहां संपूर्ण भारत के विभिन्न राज्यों से आए व्यवसायी फैंसी व जूट की चप्पल, कपड़े, हैंडलूम, साड़ियां, बेडशीट, वुडन और बैम्बू हैंडीक्राफ्ट, फैंसी ज्वेलरी, बच्चों के खिलौने, सोफा कवर, लेडीज बैग और समर स्पेशल गारमेंट्स की ढेरों वैरायटी पेश कर रहे हैं। खरीदारी के साथ-साथ स्वाद प्रेमियों के लिए भी मेले में स्नैक्स और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल्स की भरमार है।
इस बार मेला पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता हुआ अनोखे अंदाज में सजा है। प्रवेश द्वार पर पौधों, मिट्टी, जल संरक्षण और प्रकृति प्रेम को दर्शाते पोस्टर लगाए गए हैं। खेल-मनोरंजन स्टॉल्स पर गेंद फंसाकर, छल्ला फेंककर, फुटबॉल से गिलास गिराकर और फुग्गे फोड़कर इनाम जीतने का उत्साह भी देखने को मिल रहा है।
सुरक्षा के लिए मेले में फायर एक्सटिंग्विशर, सीसीटीवी कैमरे, निजी गार्ड, प्रशिक्षित कर्मचारी और चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हैं। फिश टनल के अंदर और बाहर भी सीसीटीवी से कड़ी निगरानी की जा रही है। यह मेला कोरबा वासियों के लिए एक यादगार अनुभव बन रहा है, जहां मनोरंजन, खरीदारी और स्वाद का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
