छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मौसम में बदलाव के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, प्रदेश में आज एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और वज्रपात भी हो सकता है।

रायपुर में आज गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 39.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।