पोड़ीबहार तालाब पर जलकुंभियों का कब्जा, जल संकट गहराया; स्थायी समाधानऔर जनजागरूकता की मांग

कोरबा। नगर पालिक निगम क्षेत्र के पोड़ीबहार तालाब की स्थिति एक बार फिर चिंताजनक हो गई है। तालाब में जलकुंभियों की भरमार और आसपास जमा कचरे ने इसके जलग्रहण क्षमता और भराव क्षेत्र को बुरी तरह प्रभावित किया है।

यह स्थिति तालाब के अस्तित्व के लिए खतरा बन रही है, जिससे स्थानीय नागरिकों को निस्तार में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। विशेषज्ञों और जागरूक नागरिकों ने जलकुंभियों के स्थायी निपटारे के लिए ठोस और दीर्घकालिक समाधान की मांग की है।

पिछले दो-तीन वर्षों से स्थानीय नागरिक संगठनों द्वारा श्रमदान के जरिए तालाब की सफाई की जा रही है, जिससे कुछ हद तक सुधार भी हुआ है। हाल ही में एक पखवाड़े पहले भी श्रमदान किया गया, जो दर्शाता है कि समाज में जागरूकता बढ़ रही है।

विभिन्न अवसरों पर लोग स्वयं आगे आकर सफाई में हिस्सा ले रहे हैं। पोड़ीबहार तालाब आसपास के बड़े रिहायशी क्षेत्र की जल आवश्यकताओं को पूरा करता है, लेकिन जलकुंभियों और कचरे के कारण यह अपनी उपयोगिता खोता जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब को स्वच्छ और संरक्षित रखना सबकी साझा जिम्मेदारी है। कई बार पूजा-पाठ के बाद लोग पूजन सामग्री और कचरा तालाब के किनारे फेंक देते हैं, जिससे प्रदूषण के साथ-साथ जलकुंभियों का प्रसार भी बढ़ रहा है।

नागरिकों का मानना है कि जब तक जनजागरूकता नहीं बढ़ेगी और लोगों की मानसिकता में बदलाव नहीं आएगा, तब तक तालाब का संरक्षण केवल अस्थायी प्रयास बनकर रह जाएगा।

जागरूक नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने नगर पालिक निगम से तालाब की नियमित सफाई, जलकुंभियों के उन्मूलन के लिए स्थायी व्यवस्था और कचरा प्रबंधन के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे तालाब के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं और इसे प्रदूषण से बचाने में सहयोग करें।