रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) के 10वीं और 12वीं के परिणामों की घोषणा से पहले विद्यार्थियों में तनाव, घबराहट और कैरियर चयन को लेकर सवालों का दौर शुरू हो गया है। रिजल्ट की तारीख, फेल होने का डर, मेरिट में आने के लिए आवश्यक अंक और भविष्य के करियर विकल्पों जैसे सवालों के साथ छात्र हेल्पलाइन नंबर 18002334363 पर रोजाना 200 से 500 कॉल कर रहे हैं। मंडल ने बताया कि 10वीं और 12वीं के परिणाम 7 या 8 मई को जारी होने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ माशिमं ने विद्यार्थियों के तनाव को कम करने, कैरियर मार्गदर्शन, पुनर्मूल्यांकन और पुनर्गणना से संबंधित सवालों के समाधान के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू की है।
यह सेवा प्रतिदिन दो सत्रों—सुबह 10:30 से दोपहर 1:30 बजे और दोपहर 2:00 से शाम 5:00 बजे तक संचालित हो रही है। क्लीनिकल मनोवैज्ञानिक, काउंसलर, कैरियर गाइड विशेषज्ञ और मंडल के अधिकारी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं और उन्हें निराशा व तनाव से दूर रहने की सलाह दे रहे हैं।
विद्यार्थियों के सवालों में रिजल्ट की घबराहट, नींद न आने की समस्या, 10वीं के बाद टेक्निकल क्षेत्र में जाने की इच्छा, 12वीं के बाद पशुपालन जैसे क्षेत्रों में रुचि और असफल होने पर भविष्य की चिंता प्रमुख हैं।
विशेषज्ञ इन सवालों का समाधान करते हुए छात्रों को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और अपनी रुचि के अनुसार करियर चुनने की सलाह दे रहे हैं। मंडल के इस प्रयास को विद्यार्थी और अभिभावक सराह रहे हैं, जो तनावपूर्ण समय में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान कर रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

