ट्रैक्टर पलटने से विधायक के देवर का दुखद निधन, क्षेत्र में शोक की लहर                              

बलरामपुर। प्रतापपुर क्षेत्र की भाजपा विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के देवर विजय बहादुर सिंह का शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में निधन हो गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, 2 मई 2025 को सुबह करीब 9 बजे विजय बहादुर सिंह अपने खेत पर जाने के लिए ट्रैक्टर चला रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके नीचे दबने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रघुनाथनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

विजय बहादुर सिंह का अंतिम संस्कार उसी दिन दोपहर 1 बजे उनके गृह ग्राम मुड़िया में किया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक पहुंचे, जिन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। इस दुखद घटना ने न केवल विधायक परिवार, बल्कि पूरे प्रतापपुर क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।