नगर निगम की सामान्य सभा से पहले एमआईसी से मंजूरी

एक राष्ट्र-एक चुनाव का प्रस्ताव बहुमत से पारित

कोरबा। देश में एक राष्ट्र-एक चुनाव विषय पर लगातार जोर दिया जा रहा है। इसके पीछे के लाभ प्रचारित किए जा रहे हैं और इसे चुनाव सुधार की बड़ी कड़ी बताया जा रहा है।इसके लिए वातावरण निर्माण जारी है। कोरबा में नगर निगम की साधारण सभा में एक राष्ट्र-एक चुनाव का प्रस्ताव सदन द्वारा बहुमत के आधार पर पारित किया गया। इससे पहले एमआईसी में यह प्रस्ताव आया था जिसे स्वीकृति दी गई।


निगम के ऑडिटोरियम में शुक्रवार को साधारण सभा की बैठक हुई। सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने अध्यक्षता की।

बैठक में पूर्ववर्ती विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण और वर्तमान में नगर पालिक निगम द्वारा विभिन्न योजनांतर्गत लीज पर आबंटित भूखण्डों के भू-भाटक में वृद्धि संबंधित प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। संपत्तिकर संशोधित प्रस्ताव भी पारित किया गया।

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि संपत्तिकर संशोधन में आमनागरिक प्रभावित नहीं होंगे, केवल बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों ही प्रभावित होंगे। नगर पालिक निगम के वार्ड समितियों के गठन के प्रस्ताव, अधोसंरचना मद से नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्रांतर्गत विभिन्न विकास, निर्माण कार्यो की स्वीकृति एवं पहलगांव आंतकी हमला के विरूद्ध निंदा प्रस्ताव व पाकिस्तान के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही हेतु संबंधी प्रस्तुत प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित सभी पार्षद उपस्थित रहे।