उद्यानों में नशेबाजी, आवारा तत्वों पर सख्त हुई पुलिस 

कोरबा। शहर के उद्यानों में शाम होने के बाद आवारा तत्वों की हरकतों से संभ्रांत लोगों को परेशान होना पड़ रहा था। सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत पर ऐसे छपरियों के खिलाफ एक्शन लिया।


फलोद्यान स्मृति और पुष्पलता उद्यान सहित कई स्थानों पर शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा था। नशे की हालत में झूमते युवक, खुलेआम सिगरेट, गांजा और शराब का सेवन करते हुए देखे जा रहे थे। इससे न केवल पर्यावरण दूषित हो रहा था, बल्कि वहां आने वाले परिवार, महिलाएं और बच्चे असहज महसूस कर रहे थे।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पुलिस को लगातार इस तरह की गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। नागरिकों ने बताया कि उद्यानों में शाम के समय जाना मुश्किल हो गया है क्योंकि वहां छपरियों (असामाजिक तत्वों) का अड्डा बन चुका है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज दल-बल के साथ उक्त उद्यानों में छापेमारी की।

पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान कई युवक नशे की हालत में पकड़े गए। कुछ को मौके पर ही फटकार लगाई गई, तो कुछ को थाने लाकर चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।