छत्तीसगढ़ में गर्मी का कहर, बिलासपुर 43 डिग्री के साथ सबसे गर्म, लू की चेतावनी जारी

रायपुर।  छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में लू और तीव्र गर्मी की चेतावनी जारी की है, जिससे आम लोगों, खासकर कामकाजी वर्ग को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदेश में बिलासपुर सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों में भी गर्मी का प्रकोप जारी है, जिसमें राजनांदगांव में 41.5, महासमुंद में 42.5 और दुर्ग में 42.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। बिलासपुर और महासमुंद में तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा। गर्मी के कारण दोपहर में बाजारों में सन्नाटा छा रहा है।

सुकमा में दिनभर उमस और गर्मी के बाद देर शाम आंधी और तेज बारिश से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा, मेघ गर्जन, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ और पूर्व-पश्चिम गर्त के प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं जताई है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।