नगर के लिए समस्या बन रहा अतिक्रमण टीआई तिवारी ने नपा को भेजा पत्र

कोरबा। कटघोरा में बेइंतहा अतिक्रमण से यातायात की समस्या पैदा हो रही है। टीआई ने नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर कार्रवाई करने कहा है। अभियान में पुलिस सहयोग करेगी।


थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने कहा है कि प्रमुख चौराहों में से एक शहीद वीर नारायण चौक के चारों ओर लगातार अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। इसके अतिरिक्त, बिलासपुर मार्ग और अंबिकापुर मार्ग पर स्थित न्यू बस स्टैंड के मुख्य मार्ग, दोनों ओर के निकास द्वार तथा वहां बने व्यवसायिक परिसरों में भी अतिक्रमण की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। कहा गया है कि दुकानों का दायरा बढ़ाने और जहां-तहां ठेले-टपरों से जाम की स्थिति लगातार उत्पन्न हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।

इससे पहले भी नगर पालिका को बताया जा चुका है लेकिन कुछ नहीं हुआ। थाना प्रभारी तिवारी ने यह भी उल्लेख किया है कि पूर्व में नगर पालिका द्वारा इन अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया था, परंतु उस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने इस विषय की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका से अपील की है कि वह शीघ्रता से प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि इस अभियान में पुलिस प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा।

पुलिस का कहना है कि अतिक्रमण हटने से स्थिति भी ठीक होगी और नगर सुंदर दिखेगा।