पर्यटन सुविधा पर जोर, नया लुक मिलेगा मुड़ापार तालाब और मानिकपुर पोखरी को

कोरबा। कोरबा शहर के सरोवरों, तालाबों को रायपुर के तेलीबांधा तालाब की तर्ज पर विकसित करने एवं भविष्य में तालाबों, सरोवरों को पर्यटन सुविधाओं से सुसज्जित किए जाने हेतु एक सुनियोजित कार्ययोजना तैयार किए जाने के संबंध में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने मुड़ापार तालाब एवं मानिकपुर पोखरी का निरीक्षण किया। ट्रिपल पी मॉडल पर यह काम होना है।


आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम के अधिकारियों की टीम के साथ मुड़ापार तालाब व मानिकपुर पोखरी का निरीक्षण किया। शारदा विहार व मुड़ापार बस्ती के बीचों-बीच स्थित प्राचीन मुड़ापार तालाब का कुछ वर्ष पूर्व जीर्णोद्धार कराया गया था, किन्तु देखरेख के अभाव में वर्तमान में तालाब की स्थिति ठीक नहीं है, तालाब में पानी का अभाव है, तालाब को भरने व पानी के ठहराव की व्यवस्था भी नहीं है, इसके साथ ही तालाब के चारों तरफ की मेढ़ पर पूर्व में किए गए विकास व निर्माण कार्य जर्जर स्थिति में है।

निगम की योजना है कि मुड़ापार तालाब को रायपुर स्थित तेलीबांधा तालाब की तर्ज पर विकसित करने के साथ सुविधा दी जाए। तालाब में पानी भरने एवं पानी के ठहराव को सुनिश्चित करने के लिए स्थाई व्यवस्था बनाने के संबंध में भी प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा, ताकि तालाब में पानी की कमी न रहें।

आयुक्त ने इस इलाके में गंदगी देखी और सफाई कार्य एजेंसी पर 5 हजार की पेनाल्टी लगाई। सुपरवाइजर का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।


नौका विहार कर सकेंगे लोग
अगर सबकुछ अच्छा रहा तो मुड़ापार तालाब में लोग आगामी समय में नाव चलते देखेंगे और वे खुद नौकाविहार कर सकेंगे। नगर निगम की योजना है कि तालाब में पानी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए बोटिंग की सुविधा, जल की शुद्धता हेतु जेट फाउण्टेन बनाए जाएंगे। तालाब के चारों तरफ मेढ़ का जीर्णोद्धार व सौदंर्यीकरण, उद्यानिकी, फाउण्टेन, स्ट्रीट लाईट व बहुरंगी प्रकाश व्यवस्था होगी।

चौपाटी, बैठक व्यवस्था, मनोरंजन पार्क, वाकिंग स्ट्रीट, वृद्धजनों के लिए क्लब, छोटे बच्चों के लिए स्पोर्ट्स सुविधा विकसित हो सकती है।