तिरंगे के रंग में रंगेगा कोरबा, 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

सीतामढ़ी से दोपहर 2 बजे होगी शुरुआत, सीएसईबी चौक से घंटाघर तक निकलेगी पदयात्रा

कोरबा। राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कोरबा में 13 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में प्रस्तावित यह यात्रा दोपहर 2 बजे सीतामढ़ी से शुरू होगी।

आयोजन को लेकर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

सीतामढ़ी से सीएसईबी चौक तक वाहन रैली
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तिरंगा यात्रा की शुरुआत सीतामढ़ी से वाहन रैली के रूप में होगी। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर वाहन रैली के माध्यम से सीएसईबी चौक पहुंचेंगे। इसके बाद सीएसईबी चौक से घंटाघर तक पदयात्रा निकाली जाएगी।

गूंजेंगे भारत माता की जय के नारे
पदयात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रप्रेमी नागरिक भी तिरंगा लेकर शामिल होंगे। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर में राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाने की तैयारी है।

आयोजकों के अनुसार तिरंगा यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

जिलाध्यक्ष ने की सहभागिता की अपील
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 13 अगस्त को दोपहर 2 बजे सीतामढ़ी पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल हों।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं।