जल संकट का हुआ समाधान, 5 दिन बाद बहाल हुई जलापूर्ति

कोरबा-कटघोरा। कटघोरा नगर में बीते पांच दिनों से चल रहे जल संकट का समाधान हो गया। भीषण गर्मी के बीच जल संकट ने आमजनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया था, लेकिन अब जलापूर्ति बहाल होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। 


जल संकट की शुरुआत उस समय हुई जब नगर पालिका की मुख्य पाइप लाइन अचानक टूट गई। इस समस्या को ठीक करने की प्रक्रिया के दौरान पंप हाउस की तीन मोटरें भी जल गईं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। जल आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई और नगर पालिका क्षेत्र के सभी 15 वार्डों में 5 दिनों तक पानी की भारी किल्लत देखी गई।

कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और नगर पालिका के सीएमओ ज्ञानपुंज कुलमित्र ने स्वयं मोर्चा संभाला। नगर पालिका की तकनीकी टीम के साथ दोनों अधिकारी पिछले 24 घंटे पंप हाउस में डटे रहे और दिन-रात लगातार काम करते हुए क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत और मोटरों की मरम्मत या प्रतिस्थापन का कार्य पूरा किया।

उनकी सतत निगरानी और प्रयासों का ही नतीजा है कि आज सुबह से जल आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू हो सकी।


लोगों में था आक्रोश, मिली राहत
कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र में लगभग 70 प्रतिशत जनसंख्या जल संकट से प्रभावित थी। पानी की अनुपलब्धता के कारण लोगों को पीने के पानी से लेकर दैनिक जरूरतों तक के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी की टंकियों से आपूर्ति भी नाकाफी रही और कई जगहों पर हाहाकार की स्थिति बन गई थी।

स्थिति यहां तक पहुंच गई थी कि कई इलाकों में लोग पानी के टैंकरों का इंतजार करते दिखे। लेकिन जैसे ही आज सुबह से जल आपूर्ति बहाल हुई, नगरवासियों ने राहत की सांस ली।