वोटिंग पर्सेंटेज बढ़ाने, मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण करने हुई चर्चा

कोरबा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत के निर्देशन में अपर कलेक्टर मनोज बंजारे द्वारा  राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक ली गई। बैठक में राजनैतिक दलों द्वारा निर्वाचन सम्बन्धी विभिन्न मुद्दों पर सुझाव प्रस्तुत किए गए एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई। 

अपर कलेक्टर ने सभी राजनैतिक दलों को विगत विधानसभा,  लोकसभा, नगरीय निकाय व स्थानीय निर्वाचन से सम्बंधित अनेक विषयों पर चर्चा करते हुए निर्वाचन में रही खामियों को साथ मिलकर दूर करने और वोटिंग परसेंटेज बढ़ाने हेतु जागरूकता लाने का प्रयास करने की बात कही।

उन्होंने कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतु प्रशासनिक अधिकारियों व राजनीतिक दलों को सामूहिक प्रयास करने की बात कही। साथ ही सार्वजनिक उपक्रम के एनटीपीसी, सीएसईबी, बालको कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में समय समय पर डोर टू डोर सर्वे कर मतदाता सूची में नए मतदाता का नाम जुड़वाने अथवा स्थानांतरित मतदाताओं का नाम विलोपित कराने के लिए कहा।

बैठक में राजनीतिक दल के सदस्यों द्वारा सभी मतदाताओं के वोटर आईडी को आधार नंबर से जुड़वाने की दिशा में कदम उठाने के सुझाव दिए गए जिससे मतदान कार्य मे डुबलीकेसी की संभावना ना हो। साथ ही लोकसभा व विधानसभा चुनाव को भी बैलेट पेपर से संपन्न कराने के सम्बंध में सुझाव दिए।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ऋचा सिंह सहित सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि व सदस्य उपस्थित थे।