कांग्रेस पार्षद किशोर दिवाकर ने दिया कांग्रेस से इस्तीफा

कोरबा। नगर पालिका में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाने वाली कांग्रेस को संगठन स्तर पर बड़ा झटका लगा है। वार्ड क्रमांक 3 अंंबेडकर नगर से कांग्रेस के पार्षद किशोर दिवाकर ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है, जिससे शहर की राजनीति में हलचल मच गई है।


किशोर दिवाकर पहले निर्दलीय पार्षद थे, लेकिन 2023 के निकाय चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया, और उन्होंने भाजपा के उम्मीदवार टीकम राजपाल को बड़े अंतर से हराया।

अब कांग्रेस छोडऩे का फैसला कर उन्होंने अपना त्यागपत्र शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजीव लखनपाल को भेज दिया है।

इससे पहले, वार्ड क्रमांक 01 की पार्षद राजेश्वरी जात्रा भी कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल हो गई थीं। उन्हें इस बार कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया था, जिसके चलते उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। बाद में भाजपा ने उन्हें अपने पाले में कर लिया। इसी तरह, वार्ड 11 के पूर्व पार्षद अशफाक अली भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

अब कयास लगाए जा रहे हैं कि किशोर दिवाकर भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। किशोर दिवाकर की नाराजगी की वजह पीआईसी (परिषद् की विशेष समिति) में जगह न मिलना बताई जा रही है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजीव लखनपाल ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि किशोर दिवाकर पीआईसी में शामिल न किए जाने से नाराज हैं, लेकिन उन्हें दूसरी समिति में जगह दी गई थी। यह मामला अब जिला संगठन के सामने रखा जाएगा और आगे का फैसला जल्द लिया जाएगा।