जिपं में अध्यक्ष बनाकर तानाखार व उपाध्यक्ष बनाकर कटघोरा का गड्ढा पाटने की कवायद

कोरबा। जिला पंचायत कोरबा में आज अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न हुआ। अध्यक्ष के पद पर जहां डॉ. पवन सिंह निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए वहीं उपाध्यक्ष पद पर श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं।

इस तरह जिला और जनपद पंचायत में सारे चुनाव संपन्न होकर जिला पंचायत में डॉ. पवन सिंह को अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र व कटघोरा को साधने की कोशिश अभी से शुरू कर दी है।


बता दें कि पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को वर्षों से बढ़त नहीं मिल सकी है। वहीं कटघोरा में भी लोकसभा चुनाव में भाजपा कांग्रेस से पीछे रही। पाली तानाखार में एक काफी बड़ा गड्ढा भाजपा के लिए अभी बना हुआ है।

पिछले चुनाव में यहां कांग्रेस काबिज होती आई तो मौजूदा हालात में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने भाजपा के सपने को चूर कर दिया। ऐसे में जिले के चार विधानसभा क्षेत्र में पाली-तानाखार विधानसभा भाजपा के लिए कमजोर क्षेत्र साबित होता रहा है। इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि इस क्षेत्र को साधने के लिए और यहां अपनी पैठ बनाते हुए वोट बैंक बढ़ाने के लिए भाजपा संभवत: क्षेत्र से जिला पंचायत में प्रभावशाली पद दे सकती है और अंतत: हुआ भी वही।

इसी प्रकार जिला पंचायत उपाध्यक्ष के पद पर एक बार फिर विधानसभा क्षेत्र कटघोरा के हरदी बाजार-भिलाई बाजार, खासकर जायसवाल परिवार ने अपनी पैठ बनाए रखी।

पूर्व के वर्षों में भिलाई बाजार निवासी अजय जायसवाल जिला पंचायत उपाध्यक्ष के पद पर रहे तो उनके बाद धर्मपत्नी श्रीमति रीना जायसवाल ने उपाध्यक्ष के दायित्व का बेहतर निर्वहन किया।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर निकिता मुकेश जायसवाल के निर्विरोध निर्वाचन कराने में भाजपा मंत्री विकास महतो की प्रमुख भूमिका रही है।