बुधवारी व रूमगरा में संचालित मेगा स्वच्छता ड्राईव में पहुंचे आयुक्त

कोरबा। नगर पालिक निगम द्वारा स्वच्छता महाअभियान के 21वें दिवस बुधवारी व रूमगरा वार्ड में मेगा स्वच्छता ड्राईव संचालित कर व्यापक स्तर पर साफ-सफाई के कार्य एक अभियान के रूप में कराए गए।

वहीं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अधिकारियों की टीम के साथ उक्त वार्डो की विभिन्न बस्तियों व मोहल्लों में पहुंचकर साफ-सफाई कार्यो का निरीक्षण किया। उन्होंने बस्तियों के रहवासियों से निगम के साफ-सफाई कार्यो पर चर्चा की, उनकी समस्याओं को जाना तथा त्वरित निराकरण के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।


आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बुधवारी वार्ड के विभिन्न मोहल्लों व सकरी गलियों में पैदल भ्रमण करते हुए साफ-सफाई कार्यो का जायजा लिया, इसी प्रकार रूमगरा वार्ड में पहुंचकर वहॉं के विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण करते हुए स्वच्छता कार्यो का सघन रूप से निरीक्षण किया।

आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जिन वार्डो में मेगा स्वच्छता ड्राईव संचालित हो रही है, वहॉं की एक बार सम्पूर्ण रूप से सफाई, नालियों की सतह से सफाई, सडक़ किनारे उगी झाडिय़ों, बर्म आदि की सफाई, सी.एण्ड डी.वेस्ट का उठाव के साथ-साथ सफाई कार्य के दौरान उत्सर्जित हुए कचरे का त्वरित उठाव व परिवहन का कार्य सुनिश्चित कराएं।

उन्होने इस मौके पर बेहतर सफाई कार्यो के संबंध में अधिकारियों का मार्गदर्शन भी किया। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निगम की डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण की व्यवस्था में और अधिक कसावट लाएं तथा यह अंतिम रूप से सुनिश्चित करें कि प्रत्येक घर से अपशिष्ट का नियमित रूप से संग्रहण किया जाए तथा एक भी घर इससे न छूटे।