महिला की बेरहमी से हत्या, प्रेमी ने कुल्हाड़ी से वार कर उतारा मौत के घाट, इलाके में सनसनी

कोरबा । रजगामार क्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां एक महिला को उसके प्रेमी ने ही मौत के घाट उतार दिया है। आरोपी प्रेमी ने कुल्हाड़ी से वार कर महिला की हत्या कर दी है। घटना बीती रात की है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान एसईसीएल कॉलोनी के मकान नंबर 763 निवासी सीमा पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रगति नगर निवासी गुमा उरांव से उसका अवैध संबंध था। बीती रात गुमा उरांव अपनी प्रेमिका सीमा से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ।

विवाद इतना बढ़ा कि गुमा ने घर पर रखे कुल्हाड़ी से सीमा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने तत्काल इस घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सीएसपी भूषण एक्का पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल में जुट गए। इस मामले में पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है वहीं आरोपी की तलाश की जा रही है।