घर के बाहर सो रहे ग्रामीण पर हमला, गंभीर

कोरबा। कोरबा-चांपा मार्ग के उरगा थाना क्षेत्र ग्राम नवापारा में एक ग्रामीण पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि ग्रामीण रात के समय अपने घर के बाहर चबूतरा पर सो रहा था, इस दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने किसी धारदार हथियार से उस पर जानलेवा हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय एक ग्रामीण द्वारा पुराना मकान तोडक़र नया मकान बनाया जा रहा है, जिसके लिए बाहर में भवन निर्माण सामग्री रखी हुई है। उसी की सुरक्षा के लिए ग्रामीण घर के बाहर सो रहा था। इसी बीच कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा हैं कि वहीं दीवार पर धमकी भरा संदेश लिखा मिला हैं झूठ बोलेगा जगदीश तो महंगा पड़ेगा। जिस जगदीश नाम के व्यक्ति का संदेश दीवार पर लिखा गया है वह घायल का पुत्र बताया जा रहा है जो घर के भीतर सो रहा था।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कार्यवाही शुरू कर दी है।